रुद्रप्रयाग को मिली नई कप्तान: IPS नीहारिका तोमर ने संभाली कमान…

जनपद रुद्रप्रयाग में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए IPS अधिकारी सुश्री नीहारिका तोमर ने 20वें पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पुलिस व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनकेंद्रित बनाया जाएगा।
एसपी नीहारिका तोमर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान उनकी प्राथमिकता होगी। थानों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार, अवैध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आगामी केदारनाथ यात्रा 2026 को देखते हुए पुलिस ने अभी से सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी रहेगी।
जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए ड्रग्स और अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
15 फरवरी से 15 मार्च तक ‘Operation Crack Down’ के तहत सघन सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और बाहरी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
नई एसपी के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग पुलिस एक सशक्त, पारदर्शी और जनहितैषी कार्यशैली की ओर अग्रसर है। जिलेवासियों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था और भी मजबूत होगी।
