रोपवे परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने तय की प्राथमिकताएं, सख्त निर्देश जारी…
देहरादून। प्रदेश में रोपवे परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने उच्चस्तरीय बैठक में व्यापक समीक्षा की और कई अहम निर्देश जारी किए। बैठक में उन्होंने सभी प्रमुख रोपवे प्रोजेक्ट्स की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया।
मुख्य सचिव ने रोपवे प्रोजेक्ट्स के लिए नियामक प्राधिकरण के रूप में ब्रिडकुल को सशक्त बनाने के निर्देश दिए। साथ ही इसके रोल और जिम्मेदारियों का स्पष्ट ड्राफ्ट जल्द तैयार करने को कहा। उन्होंने जागेश्वर धाम योजना में भी रोपवे प्रोजेक्ट को शामिल करने के निर्देश दिए, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
रोपवे निर्माण की प्राथमिकता तय करने के लिए एक उप समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया है। यह समिति प्रमुख सचिव नियोजन की अध्यक्षता में कार्य करेगी, जिसमें पर्यटन, आवास, लोक निर्माण विभाग और नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। यह समिति तय करेगी कि किन शहरों में रोपवे की आवश्यकता अधिक है और किन स्थानों को इसमें शामिल किया जाना चाहिए।
मसूरी रोपवे परियोजना की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने लोअर टर्मिनल के पास सड़क मार्ग से जुड़े विवाद को तीन दिन के भीतर सुलझाने के निर्देश दिए, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके।
वहीं, केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजनाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया। केदारनाथ रोपवे के लिए लॉजिस्टिक्स ड्राई रन कर असुरक्षित स्थानों की पहचान और सुधार कार्य तुरंत शुरू करने को कहा गया। कुंड ब्रिज और नए बाईपास को जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने केदारनाथ रोपवे के लोअर टर्मिनल पर पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भूमि चिन्हीकरण और हस्तांतरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने को कहा। साथ ही हेमकुंट और केदारनाथ रोपवे परियोजनाओं के लिए विस्तृत पर्ट चार्ट तैयार कर समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि केदारनाथ रोपवे परियोजना का एग्रीमेंट साइन हो चुका है और एलओए जारी किया जा चुका है। लिडार सर्वे पूरा हो चुका है, जबकि तकनीकी और टोपोग्राफी सर्वे कार्य प्रगति पर है। वहीं हेमकुंट साहिब रोपवे के लिए भी एलओए जारी हो चुका है और भूमि सर्वेक्षण जारी है।
इस बैठक में प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. आर. राजेश कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
