जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” पहुची मयकोटी, जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अगुवाई में बहुउद्देशीय शिविर, 400 से अधिक ग्रामीण हुए लाभान्वित..
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में आम जनमानस को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जनपद रुद्रप्रयाग में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को विकासखंड अगस्त्यमुनि की न्याय पंचायत मयकोटी अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज मयकोटी में जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में “प्रशासन गांव की ओर” बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 400 से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, उद्योग, समाज कल्याण, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, पूर्ति विभाग सहित अनेक विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए गए तथा समस्याओं का समाधान किया गया।
शिविर के दौरान वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड, आधार सेवाएं, आय–जाति–निवास प्रमाण पत्र, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पंजीकरण, स्वरोजगार एवं आजीविका योजनाओं सहित अनेक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
समान नागरिक संहिता के अंतर्गत 09 विवाह पंजीकरण, 30 परिवार रजिस्टर, 25 आधार कार्ड, 01 स्थाई निवास, 04 कृषि प्रमाण पत्र, 01 जन्म एवं 01 मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किए गए।
इसके अतिरिक्त बाल विकास विभाग द्वारा छात्राओं को उपयोगी किटों का वितरण भी किया गया। अधिकारियों द्वारा मंच से योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ ‘भूदेव मोबाइल एप’ डाउनलोड करने की प्रक्रिया से भी ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
जनसुनवाई में 30 से अधिक समस्याएं, 23 का मौके पर समाधान
शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में प्राप्त 30 से अधिक समस्याओं में से 23 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष के लिए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज मयकोटी का नामकरण स्व. श्री श्याम शास्त्री जी के नाम पर किए जाने का आग्रह किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने प्रस्ताव पुनः शासन को भेजने का आश्वासन दिया।
विद्यालय परिसर में झाड़ियों के कारण जंगली जानवरों के खतरे, सीसी मार्गों की फिसलन, कचरा निस्तारण, फसल क्षति, सोलर लाइटों की खराबी जैसी समस्याओं पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी का संदेश
जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन की योजनाएं सीधे पहुंचें और पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ मिले। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में सहभागिता करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन किशन सिंह रावत द्वारा किया गया।
शिविर में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, जिला पंचायत सदस्य संपन्न नेगी, ग्राम प्रधान शालिनी देवी, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
