अल्मोड़ा पहुंचे मंत्री सुबोध उनियाल, विकास कार्यों की समीक्षा के साथ “नेबुला-2026” में युवाओं का बढ़ाया उत्साह…

अल्मोड़ा। प्रदेश के वन, विधायी एवं संसदीय कार्य, निर्वाचन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल के अल्मोड़ा पहुंचने पर सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की।
सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मंत्री को जनपद में संचालित विकास कार्यों, विभिन्न विभागों की प्रगति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने वन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद मंत्री सुबोध उनियाल ने सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान में आयोजित वार्षिकोत्सव “नेबुला-2026” में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर मंत्री द्वारा संस्थान की वार्षिक पत्रिका “मोनाल” का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए मंत्री ने कहा कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास बेहद आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों पर समाज की बड़ी जिम्मेदारी होती है और उन्हें संवेदनशीलता, सेवा भावना एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा विकसित भारत-2047 के निर्माण का मजबूत आधार है। छात्र-छात्राओं से उन्होंने केवल अच्छे डॉक्टर बनने तक सीमित न रहकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सीपी भैंसोड़ा, भाजपा जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, कुंदन लटवाल, पार्षद अर्जुन बिष्ट, रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
