कांवड़ यात्रा 2026: सुरक्षा, यातायात और विकास कार्यों पर प्रशासन अलर्ट, हर चुनौती से निपटने की पूरी तैयारी…

हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मेला नियंत्रण भवन स्थित सीसीआर सभागार में कुंभ मेलाधिकारी सोनिका की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा मार्ग में आने वाले सभी जरूरी निर्माण कार्य 30 जून तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं। जिन कार्यों को समय से पूरा करना संभव नहीं है, उनके लिए ऐसी योजना बनाई जाए जिससे कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर कोई असर न पड़े। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों के चलते कहीं भी असुरक्षा या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माणाधीन सड़क कार्य दो महीने के भीतर पूरे किए जाएं। साथ ही विद्युत विभाग को बहादराबाद और ज्वालापुर क्षेत्रों में यातायात बाधित कर रहे बिजली के खंभों को प्राथमिकता के आधार पर हटाने के निर्देश दिए गए। मनसा देवी पैदल मार्ग के सुधार कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया।
सीवरेज कार्यों को लेकर भी प्रशासन सख्त नजर आया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शहर में चल रहे सभी सीवरेज प्रोजेक्ट 30 जून तक अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं और कहीं भी अतिक्रमण न होने दिया जाए।
वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने साफ निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री सड़क किनारे न रखी जाए और किसी भी हालत में यातायात बाधित न हो। साथ ही सड़कों पर पड़े मलबे को तुरंत हटाने और गड्ढों को जल्द से जल्द भरने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर निगम, वन विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का दावा है कि इस बार कांवड़ यात्रा को पहले से ज्यादा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए हर स्तर पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
