दमुवांढूगा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” बहुउद्देश्यीय शिविर, 89 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान…


हल्द्वानी–अम्बेडकर पार्क दमुवांढूगा में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। कुल 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा कर दिया गया।
शिविर में नागरिकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। क्षेत्रीय लोगों ने विशेष रूप से युवाओं में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए नशा विरोधी अभियान चलाने की मांग रखी।
शिविर में प्रतिभाग करते हुए अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने आमजन से संवाद किया और कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में जनसहभागिता आवश्यक है। उन्होंने पुलिस विभाग एवं स्वयंसेवी संस्थाओं को नियमित चेकिंग अभियान चलाने तथा नशे की लत में फंसे युवाओं की काउंसलिंग कराने के निर्देश दिए।
शिविर में नालियों में कूड़ा डालने, एडीबी द्वारा सड़क खोदने के बाद मरम्मत न करने, विद्युत पोल शिफ्टिंग, राशन कार्ड, पेयजल आपूर्ति, भूमि विवाद जैसी प्रमुख समस्याएं सामने आईं। नगर निगम को कूड़ा वाहन का समय निर्धारित करने और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी कर चालानी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। भूमि विवाद पर तहसील स्तर से स्थलीय निरीक्षण के आदेश दिए गए।
शिविर में 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 37 लोगों की जांच कर दवाइयां वितरित की गईं। सामाजिक कल्याण विभाग द्वारा पेंशन से जुड़े फॉर्म वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा बीज, दवाइयां एवं कृषि यंत्र उपलब्ध कराए गए। साथ ही बिजली-पानी के बिलों में संशोधन, राशन कार्ड ऑनलाइन और यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण भी किया गया।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उपजिलाधिकारी राहुल साह, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे सहित विभागीय अधिकारी, क्षेत्रवासी एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।
