राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किशनपुर गोलापार में विधिक जागरूकता एवं आपदा प्रबंधन शिविर का आयोजन…

नैनीताल–राजकीय बालिका इंटर कॉलेज किशनपुर गोलापार में माननीय उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में एक दिवसीय विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल / जिला न्यायाधीश श्री प्रशांत जोशी के निर्देशन एवं सिविल जज (सी.डी.) / सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती पारुल थपलियाल के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
शिविर में एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिवादन बल) की टीम द्वारा छात्राओं को आपदा के समय आवश्यक प्राथमिक सुविधाएं, सुरक्षा उपाय तथा प्राथमिक चिकित्सा से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। टीम ने आपात परिस्थितियों में सतर्कता, आत्म-सुरक्षा और त्वरित सहायता के महत्वपूर्ण तरीकों की जानकारी देकर छात्राओं को जागरूक किया।
इसके उपरांत सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा छात्र-छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं, कार्यप्रणाली एवं निःशुल्क विधिक सहायता से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पॉक्सो अधिनियम एवं मोटर वाहन अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण कानूनों पर प्रकाश डालते हुए उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। शिविर छात्राओं के लिए अत्यंत लाभकारी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, जिससे उनमें विधिक जागरूकता के साथ-साथ आपदा प्रबंधन के प्रति भी समझ विकसित हुई।
