जमरानी बहुउद्देशीय बांध बनेगा उत्तराखण्ड की समृद्धि का आधार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी…

नैनीताल जनपद भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गौला नदी पर निर्माणाधीन जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने परियोजना स्थल पर उपस्थित अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों से निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना के समस्त कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जनहित से जुड़े किसी भी कार्य में धन या अन्य बाधाओं को आड़े नहीं आने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार के सतत संवाद और सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण परियोजना से जुड़ी पर्यावरणीय एवं तकनीकी चुनौतियों का समाधान संभव हो पाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने क्षेत्रवासियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए जमरानी बांध परियोजना को स्वीकृति प्रदान की। साथ ही उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जमरानी बांध परियोजना उत्तराखण्ड की समृद्धि और विकास का प्रतीक है। इससे सिंचाई एवं पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलेगी, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय लोगों की मांग के अनुरूप परियोजना से विद्युत उत्पादन की संभावनाओं पर केन्द्र सरकार से वार्ता की जाएगी।
परियोजना के महाप्रबंधक श्री महेश खरे ने जानकारी दी कि परियोजना के अंतर्गत निर्मित की जा रही दो टनलों का कार्य लगभग 88 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा नदी के जल प्रवाह के डायवर्जन हेतु कॉफर डैम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि जून 2026 तक टनल एवं कृत्रिम डैम का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, जबकि संपूर्ण परियोजना को जून 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से कुमाऊं के तराई क्षेत्र के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के किसानों और क्षेत्रवासियों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।
इस अवसर पर विधायक कालाढुंगी श्री बंशीधर भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपा दर्मवाल, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
