जिलाधिकारी की शानदार पहल, स्वस्थ पत्रकार, सशक्त लोकतंत्र की पहचान–हल्द्वानी में लगा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर…

हल्द्वानी। पत्रकारों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए हल्द्वानी मीडिया सेंटर में एक दिवसीय निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिजनों ने लाभ उठाया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पत्रकारों की व्यस्त एवं अनियमित जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत एवं संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल एवं संयुक्त निदेशक सूचना ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि स्वस्थ पत्रकारिता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला है। स्वतंत्र और निष्पक्ष मीडिया शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाते हुए समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए पत्रकारों का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
शिविर में एक्स-रे, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर, थायराइड सहित विभिन्न रक्त जांच की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। हृदय रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, नेत्र रोग, दंत चिकित्सा एवं सामान्य रोग विशेषज्ञों द्वारा व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के उपरांत आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
जनपद के हल्द्वानी, रामनगर, लालकुआं और कालाढूंगी सहित विभिन्न क्षेत्रों से प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लगभग 100 से अधिक मीडिया कर्मियों एवं उनके परिजनों ने शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
संयुक्त निदेशक सूचना नितिन उपाध्याय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर अन्य क्षेत्रों में भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मीडिया कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
यह शिविर राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच और “सबका स्वास्थ्य, सबका विकास” की भावना का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है, जो समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के संकल्प को दर्शाता है।
