बिग ब्रेकिंग–हल्द्वानी में सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित…

हल्द्वानी। सम्भागीय परिवहन कार्यालय हल्द्वानी की ओर से होटल क्लार्क इन में सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण विषय पर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) गुरुदेव सिंह द्वारा मुख्य अतिथि संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में जे०पी० रिसर्च इण्डिया लिमिटेड के विशेषज्ञ श्री सुमित कुल ने “साइंटिफिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन ऑफ एक्सीडेंट” विषय पर प्रथम व्याख्यान देते हुए दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक विश्लेषण, साक्ष्य संकलन तथा तकनीकी जांच की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके पश्चात परिवहन विभाग के सहायक निदेशक (सड़क सुरक्षा) श्री नरेश संगल ने “उत्तराखण्ड में सड़क सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति” पर द्वितीय व्याख्यान प्रस्तुत किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य राज्य में घटित हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का तथ्यात्मक एवं वैज्ञानिक विश्लेषण कर उनकी पुनरावृत्ति को रोकना तथा दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु एवं घायल व्यक्तियों की संख्या में प्रभावी कमी लाना है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को दुर्घटना स्थलों के सूक्ष्म निरीक्षण, आंकड़ों के वैज्ञानिक संकलन एवं विश्लेषण, ब्लैक स्पॉट की पहचान, यातायात प्रबंधन में सुधार तथा सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन के विषय में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि सड़क अभियांत्रिकी, सख्त प्रवर्तन एवं व्यापक जन-जागरूकता के समन्वित प्रयासों से ही सड़क दुर्घटनाओं में सार्थक कमी लाई जा सकती है। प्रतिभागियों को आधुनिक डिजिटल उपकरणों के उपयोग, त्वरित रिपोर्टिंग प्रणाली तथा दुर्घटनाओं के मूल कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने के तरीकों से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग खण्ड, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, वन विभाग, शिक्षा विभाग, नगर निगम, उत्तराखण्ड परिवहन निगम, के०एम०ओ०यू० हल्द्वानी, ट्रक यूनियन तथा चालक प्रशिक्षण संस्थानों के अधिकारी एवं प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभागिता की।
प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिभागियों को जिलाधिकारी नैनीताल, संयुक्त परिवहन आयुक्त एवं सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी श्री अरविन्द पाण्डेय ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सड़क सुरक्षा के प्रति सभी संबंधित विभागों के समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
