अच्छी खबर–माघ माह में सेवा की मिसाल–हल्द्वानी के युवाओं ने ठंड में ज़रूरतमंदों को बांटी गरम खिचड़ी…

हल्द्वानी। माघ महीने की ठिठुरती ठंड के बीच हल्द्वानी के युवाओं ने सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं की टीम द्वारा माघ माह के अवसर पर गरमागरम खिचड़ी का वितरण किया जा रहा है, जिससे ज़रूरतमंदों, राहगीरों और गरीब परिवारों को राहत मिल रही है।
इसी दौरान कटघरिया में आयोजित खिचड़ी कार्यक्रम की सयुक्त टीम नन्दन सिंह, तुषार सिंह, धीरू फर्त्याल, बबलू भंडारी ने बताया कि माघ माह का धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से विशेष महत्व होता है। इसी परंपरा को निभाते हुए उन्होंने सेवा अभियान की शुरुआत की, ताकि ठंड के मौसम में कोई भी भूखा न रहे। सुबह से ही युवाओं की टीम खिचड़ी तैयार करने और उसे व्यवस्थित ढंग से वितरित करने में जुटी रही।
इस अभियान में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। खिचड़ी वितरण के दौरान साफ-सफाई, अनुशासन और व्यवस्था का पालन किया गया, जिससे लोगों में आयोजन के प्रति विश्वास और सराहना और बढ़ गई।
सेवा अभियान में स्थानीय समाजसेवियों और ग्रामीणों का भी भरपूर सहयोग देखने को मिला। गरम भोजन पाकर लोगों के चेहरों पर संतोष और मुस्कान साफ झलक रही थी। क्षेत्रवासियों ने युवाओं की इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।




इस अवसर पर हिमांशु मंगोलिया, धीरू फर्त्याल, नंदन सिंह, बबलू भंडारी, तुषार सिंह, चंदन टनवाल, संजय बिष्ट, कमल भट्ट, सौरभ परगाई, निखिल सिंह, नितिन शाही, गुड्डू, मनोज पडियार, तनुज रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। युवाओं ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्य लगातार जारी रखे जाएंगे।
