बिग ब्रेकिंग–सचिवालय परिसर में आधुनिक कार्यालय भवन का निर्माण तेज़, सचिव ने की प्रगति की समीक्षा…
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के विजन को धरातल पर उतारने और राज्य की सरकारी कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आज सचिवालय परिसर में निर्माणाधीन आधुनिक कार्यालय भवन के कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर राज्य संपत्ति विभाग एवं निर्माण से जुड़े संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान सचिव ने निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
राज्य संपत्ति विभाग के नियंत्रणाधीन सचिवालय परिसर, देहरादून में विश्वकर्मा भवन के समीप 6 मंजिला (जी+5 एवं एक बेसमेंट सहित) आधुनिक कार्यालय भवन का निर्माण कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। यह भवन राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के लिए आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक कार्यालय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निर्मित किया जा रहा है। इस परियोजना को शासनादेश दिनांक 26 मार्च 2025 के अंतर्गत स्वीकृति प्रदान की गई है।
भवन निर्माण की कुल लागत ₹5934.71 लाख है, जिसमें सिविल एवं विद्युतीकरण कार्य सम्मिलित हैं। अब तक लगभग ₹1400 लाख की धनराशि का आवंटन किया जा चुका है। सिविल निर्माण कार्य का अनुबंध मेसर्स शिव कुमार अग्रवाल को दिया गया है, जिसे डेढ़ वर्ष की अवधि में पूर्ण किया जाना है। परियोजना की अंतिम तिथि 24 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
34×74 मीटर के प्लॉट पर निर्मित हो रहे इस भवन का कुल क्षेत्रफल 2516 वर्ग मीटर है, जबकि सभी मंजिलों को मिलाकर कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 1,04,480 वर्ग फीट होगा। भवन के बेसमेंट में 25 कारों और 100 दोपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे सचिवालय परिसर में पार्किंग की समस्या को काफी हद तक राहत मिलेगी।
ग्राउंड फ्लोर पर एसबीआई बैंक, पोस्ट ऑफिस, प्रवेश लॉबी एवं वेटिंग एरिया का प्रावधान किया गया है। वहीं ऊपरी मंजिलों पर सचिव, अपर सचिव, उप सचिव, संयुक्त सचिव एवं अनुसचिव स्तर के कार्यालय, स्टाफ कक्ष, वेटिंग लॉबी तथा मीटिंग हॉल का निर्माण किया जा रहा है।
निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति के अनुसार भवन का फाउंडेशन एवं बेसमेंट का सिविल कार्य पूर्ण किया जा चुका है। ग्राउंड फ्लोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिसे 10 फरवरी 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 15 प्रतिशत है। राज्य संपत्ति विभाग द्वारा निर्माण कार्यों की नियमित और सतत निगरानी की जा रही है।
