दीजिए बधाई, कांस्टेबल से इंस्पेक्टर तक का शानदार सफर: सुशील जोशी के कंधों पर सजे नए सितारे, एसएसपी ने दी नई जिम्मेदारी की शुभकामनाए…
हल्द्वानी, 29 जुलाई। नैनीताल पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गर्व और सम्मान का रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में एसएसपी कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित गरिमामयी पीपिंग सेरेमनी के दौरान मुखानी थानाध्यक्ष सुशील चन्द्र जोशी को उपनिरीक्षक से पदोन्नत कर निरीक्षक (इंस्पेक्टर) बनाया गया। इस अवसर पर एसएसपी ने उनके कंधों पर इंस्पेक्टर के सितारे एवं अलंकार सजाकर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, ईमानदारी, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्य का सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक सुशील जोशी अपनी कार्यकुशलता और जनसेवा की भावना से नैनीताल पुलिस की प्रतिष्ठा को और मजबूत करेंगे।
जनपद ऊधम सिंह नगर के शांतिपुरी निवासी सुशील चन्द्र जोशी ने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखण्ड पुलिस में कांस्टेबल के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। पहली नियुक्ति हरिद्वार में हुई। वर्ष 2008 में विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण कर उपनिरीक्षक बने और पीटीसी मुरादाबाद से प्रशिक्षण के बाद उत्तरकाशी में पहली पोस्टिंग मिली।
इसके बाद वर्ष 2010 में नैनीताल जनपद में स्थानांतरण हुआ, जहाँ उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर, ज्योलीकोट, मल्ला, काठगोदाम, लामाचौड़, मेडिकल और बैलपड़ाव जैसी कई पुलिस चौकियों में प्रभारी के रूप में उल्लेखनीय सेवाएँ दीं। वर्ष 2020 में पिथौरागढ़ में थानाध्यक्ष बेरीनाग और वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ की जिम्मेदारियाँ संभालीं। बाद में पुनः नैनीताल लौटकर बनभूलपुरा सहित विभिन्न स्थानों पर महत्वपूर्ण दायित्व निभाए और वर्तमान में मुखानी थानाध्यक्ष के रूप में कार्यरत रहते हुए इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत हुए हैं।
पीपिंग सेरेमनी में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, वाचक एसएसपी रमेश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने निरीक्षक सुशील जोशी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं और उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
यह पदोन्नति न केवल सुशील जोशी की कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान है, बल्कि उत्तराखण्ड पुलिस के उन सभी कर्मठ पुलिसकर्मियों के लिए भी प्रेरणा है जो ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा में जुटे हैं।
