कुमाऊं में 5 करोड़ से अधिक की निर्माण परियोजनाओं की आयुक्त दीपक रावत ने की समीक्षा, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश…
नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में निर्माण विंग एवं उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से कुमाऊं मंडल में 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडल स्तरीय समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में निर्माण विंग, उत्तराखंड पेयजल निगम के महाप्रबंधक ने बताया कि कुमाऊं मंडल में कुल 52 निर्माण कार्य संचालित हैं, जिनमें 48 कार्य वर्तमान में गतिमान हैं। जनपदवार समीक्षा में ऊधम सिंह नगर में 7, चंपावत में 15, नैनीताल में 7, अल्मोड़ा में 6, बागेश्वर में 1 तथा पिथौरागढ़ में 5 निर्माण कार्य प्रगति पर बताए गए।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि निर्माण परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन परियोजनाओं में तकनीकी, प्रशासनिक, भूमि हस्तांतरण अथवा अन्य किसी प्रकार की बाधा है, उसका संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्राथमिकता से समाधान कराया जाए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि मंडल में निर्माण एवं पेयजल निगम के माध्यम से संचालित परियोजनाओं में 47 कार्य गतिमान हैं। इनमें एक प्रकरण वन भूमि हस्तांतरण तथा एक मामला न्यायालय में लंबित होने के कारण रुका हुआ है। शेष परियोजनाओं पर निर्माण कार्य जारी है।
इनमें ऊधम सिंह नगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल के विस्तारीकरण तथा केंद्रीय कारागार/संपूर्णानंद शिविर सितारगंज जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। नैनीताल में काठगोदाम बस टर्मिनल, मेट्रोपोल होटल परिसर में सरफेस पार्किंग तथा रामनगर बस टर्मिनल एवं बस डिपो का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इसी प्रकार अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान सहित द्वाराहाट, सल्ट और दन्या में राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण कार्य चल रहे हैं। बागेश्वर में राजकीय पॉलिटेक्निक गरुड़ का निर्माण जारी है। चंपावत जिले में आईएसबीटी टनकपुर रोडवेज बस टर्मिनल डिपो, वर्कशॉप एवं रीजनल वर्कशॉप बिल्डिंग, चंपावत में पार्किंग, चंपावत और लोहाघाट में फायर स्टेशन तथा टनकपुर में इंजीनियरिंग कॉलेज सहित 15 परियोजनाएं गतिमान हैं।
पिथौरागढ़ में बेस चिकित्सालय परिषद, गणाई गंगोली में पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में परीक्षा हॉल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। वहीं खेल विंग के चार कार्यों में से तीन कार्य वर्तमान में गतिमान बताए गए।
आयुक्त ने सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के साथ अधिकारियों को मौके पर जाकर प्रगति की निगरानी करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का लाभ जनता तक समय पर पहुंचना चाहिए, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, विभागीय समन्वय, भूमि संबंधी प्रकरणों तथा परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूर्ण किए जाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अभियंता पेयजल निगम आलोक कुमार, महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम अनुज पांडे, अधीक्षण अभियंता अल्मोड़ा संदीप कश्यप, अधीक्षण अभियंता ऊधम सिंह नगर मनीष करारा, अधीक्षण अभियंता हल्द्वानी ए.के. कटारिया, संयुक्त निदेशक अर्थ एवं संख्या राजेंद्र तिवारी, प्रोजेक्ट मैनेजर रुद्रपुर नरेंद्र नवानी, प्रोजेक्ट मैनेजर हल्द्वानी एस.पी. बडोनी, प्रोजेक्ट मैनेजर खेल इकाई रविंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
