देहरादून में कैबिनेट बैठक शुरू: नए मंत्रियों का स्वागत, पीएम के संदेश से बढ़ा उत्साह…

उत्तराखंड–देहरादून स्थित सचिवालय में आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में अहम कैबिनेट बैठक शुरू हुई। बैठक की शुरुआत सकारात्मक माहौल में हुई, जहां मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल में शामिल नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भेजे गए शुभकामना संदेश की जानकारी मंत्रिमंडल को दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री के संदेश का औपचारिक वाचन किया, जिसे सुनकर मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
प्रधानमंत्री के इस संदेश को मंत्रिमंडल ने प्रेरणादायक बताते हुए आभार जताया। सदस्यों का कहना था कि यह संदेश राज्य में विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को और गति देने का काम करेगा।
फिलहाल बैठक में राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा जारी है, जिनके जल्द ही अहम निर्णयों में बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।
