बिग ब्रेकिंग–वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप: अवैध खनन सौदे की भनक लगते ही पूरी पुलिस चौकी सस्पेंड…
देहरादून–हरिद्वार में अवैध खनन से जुड़े कथित लेनदेन के एक ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कड़ा एक्शन लेते हुए झबरेड़ा थाना क्षेत्र की इकबालपुर पुलिस चौकी के पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बताया जा रहा है कि वायरल ऑडियो में अवैध खनन से जुड़े लेनदेन और चौकी प्रभारी से संपर्क कराने को लेकर बातचीत सुनाई दे रही है। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने तुरंत मामले का संज्ञान लिया और प्राथमिक जांच के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी नवीन सिंह चौहान सहित पूरी चौकी को सस्पेंड कर दिया।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा, हरेंद्र, कांस्टेबल विपिन कुमार, देवेश सिंह और प्रदीप शामिल हैं। सभी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता के संकेत मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस की छवि को धूमिल करने वाली किसी भी गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की गहन जांच के लिए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस सख्त कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में साफ संदेश गया है कि अवैध खनन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में लिप्त पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
