बिग ब्रेकिंग–सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा पर सख्त कदम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा फैसला…
देहरादून–पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों एवं कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को विस्तृत स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और कार्यस्थलों पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो।
सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड अधिकारी–कर्मचारी–शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से भेंट कर 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना का उल्लेख किया। साथ ही हाल के दिनों में विभिन्न स्थानों पर सरकारी कार्मिकों के साथ हुई घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार अपने कार्मिकों के मान–सम्मान और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक (DGP) को राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिक्षा निदेशालय की घटना में शामिल दोषियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री के इस निर्णय को सरकारी कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि SOP लागू होने के बाद सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी, जिससे अधिकारी और कर्मचारी निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे।
