बिग ब्रेकिंग–नैनीताल पुलिस की बड़ी कामयाबी: 36 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार…
नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बनभूलपुरा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 121 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 36 लाख रुपये आंकी गई है।
दिनांक 22 फरवरी 2026 को एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं सीओ हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान गौला बाईपास रोड से एक संदिग्ध युवक को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 121 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मोहम्मद उमेर (24 वर्ष) निवासी बहेड़ी, जिला बरेली (वर्तमान निवासी टांडा, शेखपुरा) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में FIR संख्या 31/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी के नेतृत्व में नवंबर माह से अब तक नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में 55 तस्करों के विरुद्ध 44 अभियोग पंजीकृत किए जा चुके हैं। इस दौरान पुलिस ने 7.96 किलो चरस, 768.32 ग्राम स्मैक, 83 किलो गांजा, 180 नशीली गोलियां, 24 कैप्सूल और 993 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।
यह अभियान प्रदेश सरकार के ‘ड्रग फ्री देवभूमि मिशन’ के तहत प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
* रामनगर में एक तस्कर को 9.84 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया।
* लालकुआं में दो अभियुक्तों को 7.68 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उ0नि0 मनोज यादव, कानि0 दिलशाद अहमद, कानि0 भूपेन्द्र जेष्ठा एवं कानि0 संतोष बिष्ट शामिल रहे। एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2000 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट संदेश दिया कि, “नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। हमारा लक्ष्य नैनीताल को पूरी तरह नशामुक्त बनाना है।” जनपद पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
