बिग ब्रेकिंग–जनता की आवाज पर सख्त एक्शन: आयुक्त दीपक रावत ने जनसुनवाई में दिखाया कड़ा रुख…
नैनीताल। हल्द्वानी में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में दीपक रावत एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। कैम्प कार्यालय में शनिवार को हुई इस जनसुनवाई के दौरान उन्होंने आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में भूमि विवाद, अवैध जल कनेक्शन, सोलर कंपनियों की लापरवाही, चोरी और भरण-पोषण जैसे कई अहम मुद्दे उठाए गए। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
रानीखेत के तुनाकोट निवासी भगवती देवी को हल्द्वानी के हरिपुर फुटकुआं में खरीदी गई जमीन में कम क्षेत्रफल मिलने की शिकायत थी। इस पर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए विक्रेताओं को 20 लाख 85 हजार रुपये लौटाने के आदेश दिए। राहत की बात यह रही कि पूरी राशि पीड़िता को वापस मिल चुकी है।
मल्ला बगड़ क्षेत्र के ग्रामीणों ने सरकारी पेयजल लाइनों से होटलों को अवैध कनेक्शन दिए जाने की शिकायत की। इस पर आयुक्त ने जल संस्थान के अधिकारियों को तलब कर कड़ी फटकार लगाई और तुरंत मौके पर जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए।
एक अन्य मामले में शिकायत मिली कि सोलर सिस्टम लगाने के बाद कंपनी ने न तो सर्विस दी और न ही सब्सिडी की प्रक्रिया पूरी की। इस पर आयुक्त ने साफ कहा कि उपभोक्ताओं के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई होगी।
जनसुनवाई के दौरान आयुक्त का सख्त और संवेदनशील रवैया लोगों के लिए भरोसे का संकेत बना। साफ संदेश था लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई तय है और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है।
