बिग ब्रेकिंग–हल्द्वानी में सनसनी: घर की सीढ़ियों पर गूंजी गोली, बाल-बाल बचे दादा-पोता, आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार…
नैनीताल। हल्द्वानी में शनिवार शाम उस वक्त दहशत फैल गई जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर रंजिश के चलते फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
25 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे, सुभाष नगर निवासी कमल परमार ने अपने साथियों के साथ कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि मनीष परिहार नामक व्यक्ति ने अपनी कार (UK04AQ-3663) से आकर उनके घर को निशाना बनाते हुए जानलेवा फायरिंग की। गोली घर की सीढ़ियों पर जाकर लगी, जहां उस समय वादी और उनका पोता मौजूद थे। दोनों बाल-बाल बच गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से .32 बोर का रिवॉल्वर, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।
इस पूरे ऑपरेशन की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार द्वारा की गई।
थाना कोतवाली हल्द्वानी में आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 139/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले की गहन जांच कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनीष परिहार (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कृष्णा नगर फेस-E, डहरिया, हल्द्वानी का निवासी है। उसका मूल निवास कपकोट क्षेत्र में बताया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिरकार शहर में आपसी रंजिशें कब तक इस तरह हिंसक रूप लेती रहेंगी? पुलिस की तत्परता से भले ही आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया हो, लेकिन स्थानीय लोगों में अभी भी डर का माहौल बना हुआ है।
