बिग ब्रेकिंग–ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को मिलेगी रफ्तार, टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन पर भी जोर…

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तथा टनकपुर-बागेश्वर रेललाइन की प्रगति की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने दोनों महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं के कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य की महत्वाकांक्षी और जनहित से जुड़ी परियोजना है, जो पर्वतीय क्षेत्रों के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्तावित रेलवे स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों को सभी मूलभूत सुविधाओं—सड़क, पेयजल, विद्युत, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं—से जोड़ा जाए। इसके लिए लोक निर्माण विभाग और रेल विकास निगम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री धामी ने परियोजना के अंतर्गत निर्मित की जा रही एस्केप टनल को समानांतर सड़कों के रूप में विकसित करने की संभावनाओं का भी अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय आवागमन को सुगम बनाने के साथ-साथ आपातकालीन स्थितियों में भी सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कर्णप्रयाग से बागेश्वर तक रेल लाइन के विस्तार की संभावनाओं पर भी गंभीरता से कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि रेल संपर्क बढ़ने से पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा पर्वतीय क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।
बैठक में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए सभी विभाग समन्वित प्रयास करें।
