बिग ब्रेकिंग–हल्द्वानी में जनसुनवाई: आयुक्त दीपक रावत ने सुनीं जन समस्याएं, कई मामलों में मौके पर समाधान…

0
FB_IMG_1772938275760
खबर शेयर करें -

 

 

हल्द्वानी। शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में कुमाऊँ आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने जनता की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कराया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, धोखाधड़ी से धन हड़पने, पर्वतीय क्षेत्रों में अवैध निर्माण, पारिवारिक विवाद, पेयजल समस्या तथा गैस वितरण प्रणाली में कालाबाजारी जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।

 

 

कार्यक्रम के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाए। कई मामलों में उन्होंने तत्काल जांच और कार्रवाई के आदेश भी दिए।

 

 

जनसुनवाई में मुक्तेश्वर क्षेत्र की हिलक्रस्ट एवं शिखर प्रोपर्टीस के बिल्डर मनोज जोशी के खिलाफ बड़ा मामला सामने आया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि प्लॉट और विला देने के नाम पर छह लोगों से लगभग 6 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोप है कि स्टांप पेपर पर 31 मार्च 2025 तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर भवन उपलब्ध कराने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक न तो नक्शा पास कराया गया और न ही कोई निर्माण कार्य पूरा हुआ।

यह भी पढ़ें:  महिला से अभद्रता और सोशल मीडिया पर धमकी देना पड़ा भारी, हल्द्वानी पुलिस ने आरोपी को दबोचा...

 

 

मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए और विकास प्राधिकरण के जेई को क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

 

 

आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भवन को सील किए जाने के बाद भी बिना अनुमति निर्माण किया जाता है तो संबंधित जेई की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने सीलिंग कार्रवाई के दौरान अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराने और अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए।

 

 

मुक्तेश्वर क्षेत्र में होम-स्टे के नाम पर बहुमंजिला इमारतें बनाकर होटल और रिसोर्ट चलाने की शिकायतों को भी आयुक्त ने गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि यह भू-कानून का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। वर्ष 2022 के बाद बने सभी भवनों के अभिलेखों की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें:  UKPSC परीक्षाओं पर नैनीताल पुलिस का सख्त सुरक्षा कवच, 16 केंद्रों पर 7000 से ज्यादा अभ्यर्थियों के लिए हाईटेक निगरानी...

 

 

पिछली जनसुनवाई में बलभूलपुरा निवासी फरजाना ने अपने पति के लापता होने की शिकायत की थी। आयुक्त के निर्देश पर पुलिस ने जांच कर पति को महिला के सुपुर्द कर दिया। इस पर फरजाना ने आयुक्त का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा एक अन्य पति-पत्नी के पारिवारिक विवाद का भी दोनों पक्षों की सहमति से समाधान कराया गया।

 

 

जनसुनवाई में बड़ी संख्या में भूमि विवाद के मामले सामने आने पर आयुक्त ने लोगों से अपील की कि जमीन खरीदने के बाद उसकी तुरंत चारदीवारी अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में धोखाधड़ी और कब्जे के विवाद से बचा जा सके।

 

 

हल्द्वानी में इंडेन गैस वितरण प्रणाली में कम तौल के सिलेंडर और कालाबाजारी की शिकायतों को भी आयुक्त ने गंभीरता से लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सप्ताह में दो बार औचक निरीक्षण और छापेमारी कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:  महिला से अभद्रता और सोशल मीडिया पर धमकी देना पड़ा भारी, हल्द्वानी पुलिस ने आरोपी को दबोचा...

 

 

भवाली क्षेत्र के नागरी गांव में वन भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाए जाने की शिकायत मिलने पर आयुक्त ने राजस्व विभाग, वन विभाग और प्राधिकरण को संयुक्त कार्रवाई कर अवैध निर्माण ध्वस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकारी भूमि की खरीद-फरोख्त और अवैध कब्जे के मामले में लैंड ग्रैबिंग के तहत मुकदमा दर्ज करने के आदेश भी दिए गए।

 

 

आयुक्त ने कहा कि कुमाऊँ मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में बेतरतीब और अवैध प्लाटिंग पर्यावरण, भूजल और पारिस्थितिकी तंत्र के लिए गंभीर खतरा बन रही है। उन्होंने कहा कि अनियोजित निर्माण से भूस्खलन और वनों के विनाश की समस्या बढ़ रही है, इसलिए भू-उपयोग नियमों का सख्ती से पालन कराना आवश्यक है।

 

जनसुनवाई कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें से अधिकांश मामलों का समाधान मौके पर ही किया गया।

Ad Ad Ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *