बिग ब्रेकिंग–BIS के 79वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बोले, गुणवत्ता को बनाना होगा जन आंदोलन…

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि BIS ने पिछले आठ दशकों में गुणवत्ता, विश्वसनीयता और उपभोक्ता संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए “गुणवत्ता ही पहचान” के मंत्र को साकार किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 में भारतीय मानक संस्था के रूप में शुरू हुई BIS की यात्रा आज देश की औद्योगिक, वैज्ञानिक और आर्थिक प्रगति की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। मानकीकरण, प्रमाणीकरण और गुणवत्ता परीक्षण के माध्यम से BIS ने न केवल उद्योगों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के योग्य बनाया है, बल्कि उपभोक्ताओं में विश्वास और सुरक्षा की भावना को भी सुदृढ़ किया है।
उन्होंने कहा कि आज मानकीकरण का दायरा उद्योगों तक सीमित न रहकर कृषि, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, ऊर्जा, जल संरक्षण, आपदा प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं तक विस्तृत हो चुका है। डिजिटल सुरक्षा, मेडिकल डिवाइस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक वाहन, हरित ऊर्जा और रिसाइक्लिंग जैसे उभरते क्षेत्रों में BIS भविष्य की दिशा तय कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियानों को सशक्त बनाने में BIS की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारतीय उत्पाद विश्व स्तर पर गुणवत्ता का मानक बनें, यही प्रधानमंत्री का स्पष्ट विजन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय हस्तशिल्प, जैविक कृषि उत्पाद, औषधीय जड़ी-बूटियों और पारंपरिक खाद्य उत्पादों के लिए उच्च गुणवत्ता मानक स्थापित करने पर कार्य कर रही है। “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति 2025 लागू की गई है। सभी जनपदों में STEM लैब, ‘Lab on Wheels’, पेटेंट सूचना केंद्र और साइंस एंड टेक्नोलॉजी प्रीमियर लीग जैसे नवाचारी प्रयास शुरू किए गए हैं। देहरादून में ₹175 करोड़ की लागत से देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि BIS “One Nation–One Standard” नीति के तहत भारत को वैश्विक गुणवत्ता प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बनाएगा और वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में विधायक श्री खजान दास, श्री उमेश शर्मा काऊ, श्रीमती सविता कपूर, निदेशक BIS श्री सौरभ तिवारी, महानिदेशक UCOST प्रो. दुर्गेश पंत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
