बिग ब्रेकिंग–रुद्रपुर में पार्षद सौरभ बेहड़ पर जानलेवा हमला, नकाबपोश बदमाशों ने डंडों से किया हमला…
रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ के छोटे बेटे और नगर निगम रुद्रपुर के पार्षद सौरभ बेहड़ पर बुधवार देर शाम तीन नकाबपोश युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर बाइक से मौके पर पहुंचे और सौरभ बेहड़ पर डंडों से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
गंभीर रूप से घायल सौरभ बेहड़ को तत्काल फुटेला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें आईसीयू में रखा है और लगातार इलाज जारी है।
घटना को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने इसे सुनियोजित साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि यह हमला सोच-समझकर किया गया है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। विधायक ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
