बिग ब्रेकिंग–एसआईटी से पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर का बड़ा बयान, सुरेश राठौर और दुष्यंत गौतम को बताया बेहद करीबी दोस्त…
देहरादून/हरिद्वार। अभिनेत्री उर्मिला सनावर से आज हरिद्वार में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने करीब छह घंटे तक गहन पूछताछ की। देहरादून से पुलिस टीम उर्मिला को हरिद्वार लेकर पहुंची थी, जहां उनसे विभिन्न बिंदुओं पर सवाल-जवाब किए गए।
लंबी पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में उर्मिला सनावर ने कहा कि SIT द्वारा पूछे गए सभी सवालों के जवाब उन्होंने पूरी स्पष्टता और ईमानदारी के साथ दिए हैं। उन्होंने बताया कि उनके पास मौजूद हर जानकारी जांच टीम के साथ साझा की गई है।
ऑडियो रिकॉर्डिंग मामले को लेकर उर्मिला ने स्पष्ट किया कि संबंधित ऑडियो और उससे जुड़ी पूरी जानकारी SIT को सौंप दी गई है। अन्य सबूतों के सवाल पर उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और भाजपा नेता दुष्यंत गौतम एक-दूसरे के बेहद करीबी दोस्त हैं और इस पूरे मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां उन्हीं के पास हो सकती हैं।
अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर उर्मिला सनावर ने भावुक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह स्वयं अंकिता के परिवार से मिलने जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी हैं और पूरा देश न्याय की मांग कर रहा है।
स्वामी दर्शन भारती को लेकर पूछे गए सवाल पर उर्मिला ने कहा कि वह देहरादून तक उनके साथ जरूर आई थीं, लेकिन स्वामी ने जांच में क्या बयान दर्ज कराया है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
फिलहाल पुलिस और SIT की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
