चारधाम यात्रियों के लिए अलर्ट: 12-13 मई को खराब मौसम की चेतावनी, सावधानी बरतने की अपील…
देहरादून। मौसम विभाग द्वारा 12 एवं 13 मई को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा और प्रतिकूल मौसम की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए गढ़वाल मंडल आयुक्त श्री विनय शंकर पांडेय ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील की है।
आयुक्त ने कहा कि श्रद्धालु यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त करें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम तय करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि संभव हो तो मौसम सामान्य होने के बाद यात्रा करना अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित रहेगा।
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन एवं स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी अनुरोध किया, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
श्री पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं की सतर्कता और सहयोग से चारधाम यात्रा निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
