मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान जंगल में धधकी आग, जमरानी बांध क्षेत्र में मचा हड़कंप…
हल्द्वानी। हल्द्वानी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कार्यक्रम स्थल के समीप जमरानी बांध परियोजना क्षेत्र के ऊपर जंगल में अचानक आग भड़क उठी। मंच से मुख्यमंत्री जहां विकास योजनाओं पर संबोधन दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर जंगल की आग की लपटें साफ नजर आ रही थीं।
आग की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों द्वारा आग पर काबू पाने का प्रयास युद्ध स्तर पर किया गया। तेज हवाओं के कारण आग के फैलने की आशंका बनी रही, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहीं।
हालांकि, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक नहीं आने दी गई और कार्यक्रम सुचारू रूप से जारी रहा। प्रशासन का कहना है कि आग पर जल्द ही नियंत्रण पा लिया जाएगा और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। गर्मी और सूखी वनस्पति को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है।
