उत्तराखंड/देहरादून–उत्तराखंड में विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल ₹37.23 करोड़ की वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। इन योजनाओं से सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण संपर्क और सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
जनपद ऊधमसिंह नगर के विधानसभा क्षेत्र सितारगंज में ग्राम निर्मल नगर एवं राजनगर को ग्राम सिसोना से जोड़ने के लिए बैगुल नदी पर 150 मीटर स्पान आरसीसी सेतु के निर्माण को ₹11.40 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिससे क्षेत्रीय आवागमन को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के अंतर्गत जनपद पौड़ी के विकासखंड बीरोंखाल में सली मल्ली से ग्राम खैरड़ा तक, जनपद चम्पावत में मंच-तामली मोटर मार्ग, तथा विकासखंड पाटी में रेगल बैंड मूलाकोट से अमोली तक ग्रामीण मोटर मार्ग के निर्माण हेतु ₹8.39 करोड़ की धनराशि नाबार्ड से वित्तपोषित किए जाने को मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में 15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के क्रम में ग्रामीण सहायता उप-केंद्रों के लिए ₹13.65 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। वहीं समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र धारचूला के ग्राम वैगा में निकास नाली (टीएसपी) के क्रियान्वयन हेतु चालू वित्तीय वर्ष की अवशेष राशि ₹52.11 लाख स्वीकृत की गई है।
जनपद उत्तरकाशी की भटवाड़ी तहसील के ग्राम धराली में पशु क्षति से प्रभावित लोगों को ₹10.56 लाख की सहायता दी गई है। इसके साथ ही जनपद हरिद्वार के रुड़की विधानसभा क्षेत्र में जीवनदीप आश्रम नंद विहार से मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण तथा जीवनदीप एकेडमी गुरुकुलम विद्यालय परिसर में हॉल निर्माण हेतु ₹82.60 लाख की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के मड़माडले में संपर्क मार्ग व टाइल्स निर्माण के लिए ₹42.65 लाख, जनपद उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में वन विभाग की घोषणाओं के क्रियान्वयन हेतु ₹1.05 करोड़ तथा पंचायतीराज विभाग के अंतर्गत घोषणाओं के क्रियान्वयन हेतु ₹86.55 लाख की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और आमजन को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
