धामी सरकार की जनकल्याणकारी पहल, बैलपड़ाव में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 500 से अधिक लोगों को मिला सीधा लाभ…
नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जनपद नैनीताल के विकासखंड कोटाबाग की न्याय पंचायत बैलपड़ाव में बहुद्देशीय जनसेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया। सिंचाई डांक बंगला परिसर में आयोजित इस शिविर में प्रशासन जनता के द्वार पहुंचा और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया।
शिविर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्वयं जनसमस्याएं सुनीं और 215 से अधिक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया। शिविर का 500 से अधिक लोगों ने सीधा लाभ उठाया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का तत्काल, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सरकार का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसी भावना से प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंच रहा है।
कृषि प्रधान क्षेत्र होने के कारण शिविर में सिंचाई व्यवस्था, नहरों व गूलों की मरम्मत, जंगली एवं आवारा पशुओं से फसल सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। इसके अतिरिक्त पेयजल, विद्युत, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, भूमि विवाद, आर्थिक सहायता सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी दर्ज की गईं।
आधार सेवाओं को लेकर बड़ी राहत
स्थानीय लोगों द्वारा आधार कार्ड संशोधन व नए आधार कार्ड बनाने में आ रही कठिनाइयों को लेकर कोटाबाग और चकलुवा में आधार केंद्र खोलने की मांग रखी गई, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी कालाढूंगी एवं खंड शिक्षा अधिकारी को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
भूमि विवादों पर सख्ती
भूमि कुर्रे, पैमाइश व बंद सार्वजनिक मार्गों की शिकायतों पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक शनिवार को तहसील अथवा मौके पर जाकर भूमि मामलों का निस्तारण किया जाए। कालाढूंगी बाजार में मेथी शाह नाले पर अतिक्रमण की शिकायत पर तत्काल जांच व कार्रवाई के आदेश दिए गए।
किसानों को राहत के निर्देश
किसान सम्मान निधि न मिलने की शिकायतों पर मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए गए कि सभी पात्र किसानों को लाभ मिले, केवाईसी से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। सिंचाई से जुड़ी समस्याओं पर राजकीय सिंचाई, लघु सिंचाई व नलकूप विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
विद्युत व सड़क सुरक्षा पर कड़ा रुख
जर्जर विद्युत पोल, झुके तार, खेतों से गुजरती हाईटेंशन लाइन और बार-बार खराब हो रहे ट्रांसफार्मरों पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को फटकार लगाते हुए बरसात से पूर्व सभी जर्जर पोल बदलने और अच्छी गुणवत्ता के ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।
स्वास्थ्य, शिक्षा व आधारभूत सुविधाओं पर जोर
विद्यालयों में भवन मरम्मत, शौचालय निर्माण, अध्यापक तैनाती, भू-कटाव रोकथाम, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पैदल मार्गों के पक्के निर्माण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
शिविर में विभागीय सेवाओं का व्यापक लाभ
* स्वास्थ्य विभाग: 93 लोगों का उपचार
* आयुर्वेदिक: 129, होम्योपैथी: 56 मरीजों का उपचार
* कृषि विभाग: 20 किसानों को कृषि यंत्र, 30 की समस्याएं हल
* पशुपालन: 30 पशुपालकों को लाभ
* सहकारिता: 15 किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन
* आधार कैंप: 23 आधार संशोधन/निर्माण
* समाज कल्याण: 25 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण
* श्रम विभाग: 20 श्रमिक पंजीकृत
* महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा ₹3500 की बिक्री
इसके अतिरिक्त निराश्रित गोवंश पशुओं के लिए पूर्व संचालित गौशाला की क्षमता 500 पशुओं तक बढ़ाते हुए अनुबंध किया गया।
शिविर में विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, दायित्वधारी सुरेश भट्ट, पूरन चंद्र नैलवाल, ब्लॉक प्रमुख मनीषा जंतवाल, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा कत्यूरा, उप जिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही। शिविर ने साबित किया कि सरकार अब योजनाओं के साथ स्वयं जनता के द्वार पर है।
