हल्द्वानी में कानून व्यवस्था और ट्रैफिक सुधार पर रहेगा फोकस, हरबंस सिंह ने संभाला एसपी सिटी का कार्यभार, जनता की शिकायतों का होगा त्वरित निस्तारण, ऑपरेशन कालनेमी में तेजी और लंबित अपराधों के खुलासे पर रहेगा विशेष जोर…
हल्द्वानी। हल्द्वानी शहर की कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू करने की जिम्मेदारी एक बार फिर अनुभवी पुलिस अधिकारी हरबंस सिंह के कंधों पर आ गई है। उन्होंने आधिकारिक रूप से एसपी सिटी हल्द्वानी का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखना, आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने थानों और चौकियों में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पीड़ितों की समस्याओं की अनदेखी न की जाए और शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अपराधों पर नियंत्रण और पुलिस कार्रवाई को प्रभावी बनाने के लिए ऑपरेशन कालनेमी को पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही लंबित एवं अनसुलझे मामलों का शीघ्र खुलासा करने पर भी विशेष जोर रहेगा, ताकि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हल्द्वानी शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाना भी एसपी सिटी की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए थाना और चौकी पुलिस बल को भी यातायात संचालन में आवश्यकतानुसार तैनात किया जाएगा, जिससे शहर में जाम की समस्या कम करने और आवागमन को व्यवस्थित बनाने में मदद मिल सके।
इसके अतिरिक्त पुलिस मुख्यालय, रेंज और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
एसपी सिटी हरबंस सिंह वर्ष 2009 बैच के अनुभवी पीपीएस अधिकारी हैं। अपने सेवाकाल के दौरान वह पौड़ी, देहरादून, नैनीताल, चमोली और अल्मोड़ा सहित विभिन्न जनपदों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने पीटीसी नरेंद्रनगर, एसडीआरएफ, एसपी विजिलेंस (हाइडेल), एसपी क्राइम नैनीताल और एसपी सिटी हल्द्वानी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवाएं दी हैं।
अब एक बार फिर हल्द्वानी शहर की पुलिस व्यवस्था की कमान संभालते हुए उनके सामने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, जनता की शिकायतों के समाधान और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।