बिग ब्रेकिंग–उत्तराखंड फिल्म नीति–2024 का दिखने लगा असर, FTII के तीन पासआउट छात्रों को लाखों रुपये की छात्रवृत्ति जारी…
देहरादून। उत्तराखंड सरकार की फिल्म नीति-2024 अब जमीन पर असर दिखाने लगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने फिल्म जगत में करियर बनाने वाले युवाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे से पढ़ाई पूरी करने वाले तीन युवाओं को छात्रवृत्ति का भुगतान कर दिया है। इससे राज्य के रचनात्मक युवाओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए आर्थिक संबल मिलेगा।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि फिल्म नीति-2024 के तहत FTII, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान, कोलकाता और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
नीति के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम पर हुए खर्च का 75 प्रतिशत, जबकि सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति दी जाती है।
इसी क्रम में रुद्रप्रयाग के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए 65,682 रुपये, चमोली के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। तीनों छात्रों ने FTII, पुणे से अपनी पढ़ाई पूरी की है।
राज्य सरकार का मानना है कि उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा से भरपूर हैं। उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 के तहत दी जा रही यह छात्रवृत्ति न केवल आर्थिक सहायता है, बल्कि राज्य के युवाओं के फिल्मी सपनों को नई उड़ान देने की एक महत्वपूर्ण पहल भी है। इससे आने वाले समय में उत्तराखंड के और अधिक युवा फिल्म, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना सकेंगे।
