बिंदुखत्ता में नशे के खिलाफ महिलाओं का शंखनाद, शराब बेचने पर ₹25 हजार जुर्माने का ऐलान; पुलिस-प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी, खुरियाखत्ता में एकजुट हुईं क्षेत्र की महिलाएं, ‘महिला संगठन बिंदुखत्ता’ का गठन कर गांव-गांव नशा विरोधी अभियान चलाने का लिया संकल्प…

ChatGPT Image Oct 4, 2026, 03_38_46 AM
खबर शेयर करें -

 

 

बिंदुखत्ता। क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और शराबखोरी के खिलाफ अब महिलाओं ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। घर-परिवार और युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने के उद्देश्य से बिंदुखत्ता की महिलाओं ने एकजुट होकर व्यापक सामाजिक अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है। खुरियाखत्ता स्थित देवी मंदिर के समीप आयोजित बैठक में महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में नशे के बढ़ते चलन को अब किसी भी कीमत पर नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

 

बैठक में विभिन्न गांवों से पहुंचीं महिलाओं ने नशे के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। साथ ही अभियान को व्यवस्थित रूप देने के लिए ‘महिला संगठन बिंदुखत्ता’ का गठन किया गया। महिलाओं ने नशे की बिक्री और सेवन से समाज पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए पुलिस-प्रशासन से भी प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई।

 

नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए महिला संगठन ने सामाजिक स्तर पर आर्थिक दंड लगाने का निर्णय लिया है। बैठक में तय किया गया कि शराब बेचते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति पर संगठन की ओर से 25 हजार रुपये तथा दुकान या पार्टी में शराब पिलाने वालों पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है।

यह भी पढ़ें:  उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय का 11वां दीक्षांत समारोह: 14,857 विद्यार्थियों को मिली उपाधि, 36 मेधावियों को स्वर्ण पदक से नवाजा...

 

महिलाओं के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सामाजिक दबाव बनाना और लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत करना है। जुर्माने से प्राप्त राशि का उपयोग नशे से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए करने का प्रयास किया जाएगा। वहीं, महिलाओं ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों के मामलों में पुलिस-प्रशासन को सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की जाएगी।

 

बैठक में महिलाओं ने कहा कि शराब और अन्य नशीले पदार्थों की बढ़ती उपलब्धता का असर परिवारों की आर्थिक स्थिति, सामाजिक वातावरण और बच्चों के भविष्य पर पड़ रहा है। नशे के कारण कई परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और इसका दुष्प्रभाव युवा पीढ़ी पर भी पड़ सकता है।

 

इसी को देखते हुए संगठन ने गांव-गांव जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। महिलाओं का कहना है कि नशे के खिलाफ केवल विरोध जताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस मुहिम से जोड़ना होगा, ताकि युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ ही परिवारों को भी जागरूक किया जा सके।

यह भी पढ़ें:  ओखलकांडा के कटना से वारी तक बनेगा मोटर मार्ग, ग्रामीणों की दशकों पुरानी मांग हुई पूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य...

 

बैठक में सर्वसम्मति से ममता गोस्वामी को महिला संगठन बिंदुखत्ता का अध्यक्ष चुना गया। राजेश्वरी बिष्ट को संरक्षक, चंद्रकला बिष्ट को उपाध्यक्ष, कलावती देवी को सचिव, शिवानी धानिक को कोषाध्यक्ष, गंगा देवी को संगठन मंत्री और दीपा देवी को उप सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा कार्यकारिणी में अन्य महिलाओं को भी अलग-अलग दायित्व दिए गए।

 

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और क्षेत्र की महिलाओं को एक मंच पर लाकर नशा विरोधी अभियान को व्यापक रूप देने की प्रतिबद्धता जताई।

 

महिलाओं ने बैठक के दौरान पुलिस की मौजूदगी नहीं होने पर भी अपनी बात रखी। उनका कहना था कि बैठक की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन कोई पुलिस प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हुआ। हालांकि, चौकी प्रभारी की ओर से सहयोग का आश्वासन दिए जाने की बात कही गई।

यह भी पढ़ें:  कुमाऊं में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल: IG निवेदिता कुकरेती ने 29 इंस्पेक्टरों के किए तबादले, ऊधमसिंह नगर से 12 अधिकारियों की पहाड़ में तैनाती...

 

महिला संगठन ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री और नशे से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि शिकायतों की अनदेखी की गई और अवैध कारोबार पर अंकुश नहीं लगा, तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। महिलाओं ने जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करने की चेतावनी भी दी।

 

नवगठित संगठन की अध्यक्ष ममता गोस्वामी ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान किसी एक परिवार या गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज और आने वाली पीढ़ी के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं से एकजुट होकर इस मुहिम को आगे बढ़ाने की अपील की।

 

बिंदुखत्ता की महिलाओं ने साफ कर दिया है कि नशे के खिलाफ उनकी मुहिम अब केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहेगी।संगठन गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक करेगा और पुलिस-प्रशासन के समक्ष नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग उठाएगा। अब देखना होगा कि महिलाओं की इस सामूहिक पहल के बाद संबंधित विभाग क्षेत्र में नशे के खिलाफ कितनी प्रभावी कार्रवाई करते हैं।

Ad Ad