पंचकूला में क्रिकेट के मैदान पर उतरे CM धामी, युवाओं के साथ लगाए चौके–छक्के; दिया नशामुक्त भारत का संदेश, नमो क्रिकेट लीग में 30 से अधिक टीमों ने लिया हिस्सा, मुख्यमंत्री ने कहा—नशे को ना, खेल को हां…

FB_IMG_1790993471780
खबर शेयर करें -

पंचकूला। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा के पंचकूला स्थित ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित ‘नमो क्रिकेट लीग’ में प्रतिभाग कर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री स्वयं क्रिकेट खेलने के लिए मैदान पर उतरे और खिलाड़ियों के साथ खेलकर उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच क्रिकेट खेलते देख खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खेल के मैदान में उतरने का अपना अलग ही आनंद है। खेल हमें टीम भावना, अनुशासन, निरंतर प्रयास और समर्पण के साथ लक्ष्य हासिल करना सिखाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह भी पढ़ें:  गांधी और शास्त्री के आदर्श आज भी राष्ट्रसेवा की प्रेरणा: कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने अर्पित किए श्रद्धासुमन...

 

नमो क्रिकेट लीग में देश के विभिन्न हिस्सों से 30 से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से संवाद किया और उन्हें खेलों के माध्यम से अपने व्यक्तित्व को निखारने तथा देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने साथियों सहित समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘क्रिकेट को हां और नशे को ना’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प है। यदि जीवन में कोई लत लगानी ही है, तो वह खेल और फिटनेस की होनी चाहिए। युवाओं में अपने सपनों और लक्ष्यों को हासिल करने का जुनून होना चाहिए।

यह भी पढ़ें:  गांधी–शास्त्री जयंती पर सेवा की मिसाल: हल्द्वानी में 31 युवाओं ने किया रक्तदान, जरूरतमंदों की मदद का लिया संकल्प...

 

उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा नशे में बर्बाद होने के बजाय खेल, रचनात्मक गतिविधियों और राष्ट्र निर्माण में लगनी चाहिए। स्वस्थ युवा ही एक सशक्त समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और सम्मान मिला है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों के माध्यम से युवाओं को खेलों तथा स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आज गांवों और छोटे शहरों से निकलने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:  दिवंगत पत्रकार कृष्ण कुमार गुप्ता के परिवार को मिली 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, पत्नी सरोजनी गुप्ता को सौंपा ड्राफ्ट...

 

मुख्यमंत्री धामी ने हरियाणा की धरती को खेल प्रतिभाओं के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध बताते हुए कहा कि यहां के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियन गेम्स और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाया है। खिलाड़ियों की सफलता के पीछे वर्षों का परिश्रम, संघर्ष, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण होता है।

 

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित खिलाड़ियों और युवाओं ने सामूहिक रूप से ‘नशे को ना, खेल को हां’ का संकल्प लिया। नमो क्रिकेट लीग के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

Ad