दूध से भरा ट्रक 200 फीट गहरी खाई में गिरा, चालक ने कूदकर बचाई जान, दो गांव के पास तड़के हुआ हादसा, ज्योलीकोट पुलिस ने खाई में उतरकर घायल चालक को किया रेस्क्यू…
हल्द्वानी। हल्द्वानी-नैनीताल रोड पर सोमवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। दो गांव के समीप आनंदा दूध डेयरी का दूध और अन्य डेयरी उत्पाद लेकर नैनीताल जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक सुयालबाड़ी-रामगढ़ निवासी बालम सुयाल सोमवार सुबह ट्रक में आनंदा डेयरी का दूध व अन्य डेयरी प्रोडक्ट लेकर हल्द्वानी से नैनीताल की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि दो गांव के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक के खाई में गिरने से पहले ही बीच रास्ते में छलांग लगा दी। हालांकि इस दौरान वह घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही ज्यौलीकोट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला।
कोतवाल हरपाल सिंह के मुताबिक घायल ट्रक चालक को एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

