दर्दनाक हादसा: ज्योलिकोट–भवाली मार्ग पर केमू बस पलटी, 1 की मौत, 6 गंभीर घायल…
नैनीताल–हल्द्वानी के पास ज्योलिकोट–भवाली मार्ग पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गेठिया क्षेत्र में एक केमू बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे मौके पर ही एक यात्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बस ज्योलिकोट से भवाली की ओर जा रही थी और आगे पिथौरागढ़ के बिर्थी क्षेत्र के लिए रवाना थी। बस में कुल 14 यात्री सवार थे। जैसे ही बस गेठिया के पास एक मोड़ पर पहुंची, चालक ब्रेक नहीं लगा पाया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया।
हादसे की सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण बस के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सावधानी और वाहन की फिटनेस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
