यमकेश्वर में शिक्षा के विकास को मिला नया आयाम, इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का मुख्यमंत्री धामी व योगी आदित्यनाथ ने किया उद्घाटन…

यमकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल)। इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन अवसर पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ यमकेश्वर पहुंचे। कार्यक्रम से पूर्व दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
इसके पश्चात दोनों मुख्यमंत्रियों ने इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया और शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। शिक्षा केवल डिग्री या रोजगार का साधन नहीं, बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास का आधार है।”
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उत्तराखण्ड सरकार ने बीते चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार प्रदान किए हैं। सरकार शिक्षा के मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और नवाचार के माध्यम से समावेशी विकास की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नवनिर्मित भवन से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करते हुए कहा कि वे आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और आज देश के सशक्त नेतृत्वकर्ताओं में शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “भौतिक विकास जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि यह केवल आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम है।” उन्होंने विद्यालयों की भूमिका को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के संवर्धन से जोड़ने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री योगी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें व्यवहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने उत्तराखण्ड सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उच्चस्तरीय होनी चाहिए।
इस अवसर पर हरिद्वार सांसद श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सभी को शुभकामनाएं दीं। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यालय के प्रांतीयकरण की मांग पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। यह मांग क्षेत्रीय विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट द्वारा उठाई गई थी।
कार्यक्रम के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
