नैनीताल पुलिस की सख्ती: बेतालघाट में अवैध कार्यक्रम पर मुकदमा दर्ज, 6 घायल…
बेतालघाट (16 फरवरी 2026): मिनी स्टेडियम बेतालघाट में आयोजित एक अवैध कार्यक्रम के दौरान भगदड़ मचने से छह लोग घायल हो गए। मामले का संज्ञान लेते हुए नैनीताल पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, “बाबा हेल्प देम फाउण्डेशन” के मुख्य आयोजक एवं संस्थापक शीलू कुमार तथा तारा भण्डारी, निवासी बेतालघाट, द्वारा “आरम्भ विधानसभा सम्मेलन 2027” नामक कार्यक्रम बिना सक्षम प्रशासनिक अनुमति के आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में लगभग 6000 लोगों को आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान लोकगायन के साथ कम्बल वितरण किया जा रहा था, लेकिन आयोजकों द्वारा भीड़ नियंत्रण, निजी सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। कम्बलों के अव्यवस्थित वितरण के चलते भारी भीड़ एक स्थान पर जमा हो गई। दबाव बढ़ने से स्टेडियम की दीवार ढह गई, जिसके मलबे में दबकर 6 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर, वादी कुन्दन कुमार (क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रा०र०द० अधिकारी, बेतालघाट) की तहरीर के आधार पर थाना बेतालघाट में धारा 125(क)(ख)/190/292 बीएनएस एवं धारा 3(2) लोक सम्पत्ति को नुकसान निवारण अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस लापरवाही से आमजन की जान जोखिम में पड़ी तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। प्रकरण की विवेचना जारी है और दोषियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम के आयोजन से पूर्व सक्षम प्रशासनिक अनुमति अवश्य प्राप्त करें तथा भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का पालन करें, अन्यथा विधिक कार्रवाई की जाएगी।
