तराई पूर्वी वन प्रभाग की सख्त कार्रवाई: अवैध खनिज परिवहन में ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज, सघन चेकिंग अभियान जारी…

हल्द्वानी। प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग के निर्देशन में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए रविवार को औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
दिनांक 09 मार्च 2026 को तराई पूर्वी वन प्रभाग के अंतर्गत उपप्रभागीय वनाधिकारी (गौला) के नेतृत्व में गौला रेंज के देवरामपुर खनन गेट क्षेत्र में अचानक निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों तथा खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की गहन जांच की गई।
चेकिंग अभियान के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में उपखनिज का परिवहन करते हुए पकड़ी गई। वाहन चालक से जब संबंधित वैध प्रपत्रों की मांग की गई तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर ट्रैक्टर पंजीकरण संख्या UK04AR 6122 को वन विभाग ने अपनी अभिरक्षा में लेकर डौली रेंज परिसर में सुरक्षित खड़ा कर दिया।
जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध रूप से उपखनिज का परिवहन पाया गया, जिसके बाद वाहन को सीज करते हुए भारतीय वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।
उपप्रभागीय वनाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी के निर्देशों के क्रम में क्षेत्र में समय-समय पर औचक निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध खनन या अवैध खनिज परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान के दौरान उपप्रभागीय वन अधिकारी (गौला) श्री ए.के. जोशी, वन क्षेत्राधिकारी एसओजी श्री नवीन सिंह रैकवाल, वन दरोगा श्री दिनेश चंद्र पंत, श्री प्रकाश चंद्र तिवारी, वाहन चालक श्री चंदन बेदी सहित टीम के अन्य वनकर्मी भी उपस्थित रहे।
