भीमताल में बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा, पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ देने के निर्देश…
नैनीताल–भीमताल स्थित विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री अरविन्द कुमार पांडे की अध्यक्षता में बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित समस्त लाभार्थीपरक योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण मिशन, नंदा गौरा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, वन स्टॉप सेंटर सहित विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध रूप से पहुँचना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने जनपद की सभी परियोजनाओं में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थापना करने के निर्देश दिए।
बैठक में कुपोषण उन्मूलन, महिलाओं को स्वावलंबी बनाने एवं उन्हें संरक्षण प्रदान करने हेतु नवाचार गतिविधियाँ आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित निरीक्षण करने तथा समस्त ऑनलाइन पोर्टलों पर प्रतिदिन सूचनाएँ अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री गोपाल गिरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अनुलेखा बिष्ट एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री विश्वनाथ गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
