उत्तराखण्ड का दशक बनाने का संकल्प, विकास योजनाओं पर तेजी से काम कर रही सरकार: डा. आर. राजेश कुमार…
देहरादून। आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग के सचिव डा. आर. राजेश कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और विकास योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं, संचार व्यवस्था और संसाधनों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे प्रदेश के लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है और आर्थिक विकास को नई गति मिली है।
वे एक निजी होटल में मासिक पत्रिका उत्तरजन टुडे के 10 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सम्मान समारोह एवं मंथन कार्यक्रम “उत्तराखण्ड का दशकः चुनौतियां और संभावनाएं” में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरकार की स्वास्थ्य, शिक्षा, संचार, संसाधन एवं रोजगारपरक योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आने वाले दशक को “उत्तराखण्ड का दशक” बनाना है, ताकि प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर सके।
कार्यक्रम में 1962 में एशियन गेम्स में देश को पहली बार बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक दिलाने वाले अर्जुन अवार्डी ऑनरेरी कैप्टन पदम बहादुर मल्ल तथा प्रसिद्ध हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जयंत नवानी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में जीवन मूल्यों का ह्रास चिंता का विषय है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नैतिक संस्कार देने और पंचतंत्र की कहानियां सुनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संस्कारवान बच्चे ही भविष्य में अच्छे नागरिक बनते हैं। साथ ही उन्होंने स्थानीय बोली-भाषाओं के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए समाज को आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में टिहरी गढ़वाल के अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. आशुतोष सयाना, उत्तरजन की एग्जीक्यूटिव एडिटर रंजना रावत एवं संपादक पीसी थपलियाल ने भी अपने विचार रखे। मंच संचालन योगाम्बर पॉली और मोनिका बिष्ट ने किया।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 20 प्रतिभाशाली व्यक्तियों को “उत्तराखण्ड गौरव पुरस्कार” से सम्मानित किया गया, जबकि 35 अन्य लोगों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। कार्यक्रम में पूर्व आईजी सत्यशरण कोठियाल, पूर्व सूचना आयुक्त जेपी ममगाई, ललित जोशी, पूर्व कर्नल यदुवीर रावत, उमेश रावत, राकेश कुकरेती, शिक्षाविद कमला पंत, इरा कुकरेती, सुरेश डंडरियाल, उद्यमी सुशील सिंह और वैभव गोयल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
