पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में ₹147.28 करोड़ की 40 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास…
पुष्कर सिंह धामी ने आज सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में ₹147 करोड़ 28 लाख 56 हजार की 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹72 करोड़ 38 लाख की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹74 करोड़ 90 लाख 56 हजार की लागत से 17 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से नैनीताल जनपद विकास की नई रफ्तार पकड़ेगा और आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘विकसित उत्तराखण्ड’ के संकल्प के साथ तीव्र गति से कार्य कर रही है और राज्य हर क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है। सरकार द्वारा लिए गए कई ऐतिहासिक निर्णय अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणा बन रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी सशक्त कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल-विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की संस्कृति, विरासत और पवित्रता से किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा एवं बैलपडाव में नलकूप निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण किया।
इसके अतिरिक्त महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण, लालकुआं क्षेत्र में नलकूपों पर स्टैबलाइज़र, तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 14 पेयजल योजनाओं का लोकार्पण भी किया गया। पशु चिकित्सालय रामगढ़ में भवन निर्माण कार्य का भी उद्घाटन हुआ।
मुख्यमंत्री ने कसियालेख-धारी, रानीबाग-खुटानी, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली सहित कई मोटर मार्गों के सुधारीकरण, नवाबी रोड सीवरेज कार्य, 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण, विभिन्न क्षेत्रों में सड़क मरम्मत एवं पीसी कार्य, राइजिंग स्टेशन निर्माण तथा नहर कवरिंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
इसके साथ ही विशेष योजनांतर्गत सहायता (एसपीए) कार्यक्रम में स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना (लागत ₹154.43 करोड़) का भूमि पूजन भी किया गया।
कार्यक्रम में सांसद श्री अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दीपा दरमवाल, विधायकगण, विभिन्न जनप्रतिनिधि, कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री श्री दीपक रावत, जिलाधिकारी श्री ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह आयोजन नैनीताल जनपद में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
