पुष्कर सिंह धामी के आवास पर पारंपरिक उल्लास के साथ मना होली मिलन समारोह, लोकधुनों पर झूमे मुख्यमंत्री…

पुष्कर सिंह धामी के निजी आवास नगला तराई (खटीमा) में रंगों का पर्व होली पारंपरिक हर्षोल्लास, सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री ने सपरिवार उपस्थित होल्यारों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया और प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।
होली मिलन समारोह में विभिन्न समुदायों की महिलाओं ने हिंदी, कुमाऊंनी, थारू और बंगाली लोक परंपराओं पर आधारित होली गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। पारंपरिक लोकधुनों पर मुख्यमंत्री भी होल्यारों के साथ झूमते नजर आए, जिससे पूरा वातावरण उल्लास, आत्मीयता और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर हो उठा।
स्थानीय नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर सहभागिता की। विविध सांस्कृतिक रंगों से सजा यह आयोजन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ‘विविधता में एकता’ की भावना और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण बना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और पारस्परिक सहयोग की भावना को सुदृढ़ बनाए रखने का आह्वान किया।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रमेश चंद्र जोशी, दर्जा राज्यमंत्री फरजाना बेगम, श्री अमित कुमार पांडे, महासचिव श्री रमेश चंद्र जोशी, श्री नंदन सिंह खड़ायत, श्री गम्भीर सिंह धामी, श्री दान सिंह रावत, श्री सतीश भट्ट, श्री जीवन धामी, जिलाधिकारी श्री नितिन सिंह भदौरिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अजय गणपति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
