पत्रकारिता की आड़ में अफीम तस्करी का पर्दाफाश, ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर तस्कर पांच लाख की अफीम के साथ गिरफ्तार…
ऊधम सिंह नगर–पुलिस ने अफीम तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पत्रकारिता की आड़ में चल रहे नशे के अवैध कारोबार को ध्वस्त कर दिया है। ANTF और कोतवाली बाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने दोराहा स्थित संधू ढाबे पर छापेमारी कर लगभग पांच लाख रुपये कीमत की अवैध अफीम बरामद की है।
दिनांक 08 जनवरी 2026 को ANTF टीम, चौकी दोराहा पुलिस तथा डॉग स्क्वाड द्वारा संधू ढाबा (दोराहा, बाजपुर) में औचक चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को देखकर मौके पर मौजूद अभियुक्त अफीम को ढाबे के पीछे फेंकने का प्रयास करने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।
जांच में सामने आया कि मुख्य अभियुक्त दामोदर लाल शर्मा लंबे समय तक विभिन्न समाचार पत्रों से पत्रकार के रूप में जुड़ा रहा है और वर्तमान में “कनिष्क दर्पण” नामक अखबार से संबद्ध था। अभियुक्त ने पत्रकारिता की आड़ में संधू ढाबा संचालित कर रखा था, जहां से वह ट्रक और बस चालकों सहित नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर अफीम बेचता था।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि अफीम की खेप राजविंदर सिंह उर्फ राजू, निवासी रामपुर (उत्तर प्रदेश) से मंगाई जाती थी। इसके लिए भुगतान ऑनलाइन और नकद दोनों माध्यमों से किया जाता था। ढाबा नशे के अवैध कारोबार का अड्डा बन चुका था।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
➡️ दामोदर लाल शर्मा (56 वर्ष)
निवासी: वार्ड संख्या 09, शास्त्री नगर, केलाखेड़ा, बाजपुर
(वर्तमान पता: संधू ढाबा, दोराहा)
➡️ नवल किशोर (37 वर्ष)
निवासी: ग्राम जालाफ नगला, थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश)
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में किसी भी स्तर पर संलिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
