अम्मा के विश्वास पर खरी उतरी नैनीताल पुलिस, 08 घंटे में चोरी गया बक्सा बरामद, शातिर चोर गिरफ्तार…

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील पुलिसिंग का उदाहरण पेश करते हुए बुजुर्ग महिला की आंखों से छलके आंसुओं को महज 08 घंटे के भीतर राहत में बदल दिया। दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने न केवल शातिर चोर को गिरफ्तार किया, बल्कि जमीन की रजिस्ट्री, जेवरात और नगदी से भरा चोरी गया लोहे का बक्सा भी सकुशल बरामद कर लिया।
घटना 15 जनवरी 2026 की है, जब हल्द्वानी के बद्रीपुरा क्षेत्र निवासी बुजुर्ग महिला दया नेगी के घर एक व्यक्ति किराए पर कमरा लेने के बहाने पहुंचा। खुद को दीपक बिष्ट बताने वाले इस व्यक्ति ने 8000 रुपये प्रतिमाह किराया तय किया और सामान लाने के बहाने महिला को घर के पीछे का गेट खुलवाने भेज दिया। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर घर के दोमंजिला कमरे से जेवरात, नगदी, साड़ियां और जमीन की रजिस्ट्री से भरा लोहे का बक्सा चोरी कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए शीघ्र खुलासे के सख्त निर्देश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे बरेली रोड मेडिकल कॉलेज गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वीरेंद्र सिंह बिष्ट (34 वर्ष) निवासी खाड़ी सुनार, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से
* नगदी रुपये,
* सोने-चांदी के जेवरात,
* जमीन की रजिस्ट्री
* तथा चोरी किया गया लोहे का बक्सा
पूरी तरह बरामद कर लिया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी भी की गई है।
इस सराहनीय कार्रवाई से न केवल पीड़ित बुजुर्ग महिला को न्याय मिला, बल्कि क्षेत्र में पुलिस के प्रति विश्वास भी और मजबूत हुआ है। स्थानीय लोगों ने नैनीताल पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की खुले दिल से प्रशंसा की है।
