नैनीताल में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार, ‘उद्योग मित्र’ बैठक में उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश…
नैनीताल। जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में गुरुवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में “उद्योग मित्र” बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और उद्यमियों ने भाग लिया तथा औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मजबूत आधारभूत ढांचा और बेहतर सुविधाएं औद्योगिक विकास की आधारशिला हैं।
बैठक में औद्योगिक आस्थान क्षेत्रों में सड़क, वैकल्पिक मार्ग, पानी, बिजली तथा विद्युत सबस्टेशन निर्माण से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर चर्चा की गई। साथ ही जीएसटी रिफंड और अन्य औद्योगिक प्रोत्साहन योजनाओं से संबंधित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने औद्योगिक इकाइयों में सड़क व विद्युत कार्यों को निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में बजूनियाहल्दू–पतलिया से कोटाबाग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव की प्रगति की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को शासन स्तर से इसकी प्रगति की जानकारी प्राप्त कर प्रस्ताव की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
जिला उद्योग केन्द्र द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ब्याज, विद्युत और परिवहन उपादान से जुड़े लगभग 59 लाख रुपये के 19 प्रकरण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए, जिन्हें समिति द्वारा अनुमोदन हेतु संस्तुति प्रदान की गई। वहीं सूर्या गांव–सातताल मोटर मार्ग निर्माण के लिए 26.96 लाख रुपये का प्रस्ताव भी शासन को पुनः प्रेषित किए जाने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग औद्योगिक गतिविधियों और सड़क संपर्क की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए विभागीय समन्वय से कार्यवाही शीघ्र पूरी की जाए।
बैठक में विद्युत विभाग ने बताया कि कोटाबाग विकासखंड में 33 केवीए के नए विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करने की बात कहते हुए राजस्व भूमि से अतिक्रमण हटाकर चारदीवारी निर्माण कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा भीमताल सिडकुल क्षेत्र में कचरा निस्तारण की समुचित व्यवस्था, नैनी फ्लोरा सिडकुल के सामने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन व लेक इंटरनेशनल स्कूल के समीप सड़क की मरम्मत, स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिलों की तकनीकी जांच, भीमताल आणु नाले के दिशा परिवर्तन कार्य तथा विभिन्न औद्योगिक इकाइयों को जाने वाले संपर्क मार्गों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत जैसे विषयों पर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योगों से जुड़े सभी मुद्दों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि जनपद में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र पल्लवी गुप्ता, हिमालयन चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आर.सी. बिंजोला, सचिव मनोज डागा, दीपक कुमार अग्रवाल सहित विद्युत, सिंचाई, लोक निर्माण, जल संस्थान एवं अन्य विभागों के अधिकारी और उद्यमी उपस्थित रहे।
