हरिद्वार में नई धर्मशाला का लोकार्पण, सीएम धामी बोले–क्षत्रिय कलौता समाज राष्ट्र निर्माण में निभा रहा अहम भूमिका

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार में श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नई धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर सदैव समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और देश की सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में समाज के लोगों ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय आर्म्ड पुलिस बल और अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था धार्मिक जागरण, सांस्कृतिक संरक्षण और मानव कल्याण के क्षेत्र में प्रेरणादायी कार्य कर रही है। उन्होंने धर्मशाला को सेवा, समर्पण और परोपकार का जीवंत प्रतीक बताया।
सीएम धामी ने कहा कि हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रवेश द्वार है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण अत्यंत पुण्य और सराहनीय कार्य है, जो चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तेजी से कार्य कर रही है। घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सनातन मूल्यों और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे मातृशक्ति के सम्मान और न्यायपूर्ण समाज की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
कार्यक्रम में श्री हरी चेतनानन्द महाराज महामंडलेश्वर, मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, आनंद ट्रस्ट धर्मशाला के उपाध्यक्ष संतोष पटेल, महाकालीका ट्रस्ट इंदौर के अध्यक्ष आशाराम सिसोदिया, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, डीएम हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में ट्रस्टी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
