लालकुआं पुलिस की बड़ी कामयाबी, 35 लाख के सोने के आभूषण बरामद, तीन सनसनीखेज चोरियों का खुलासा…
नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का आखिरकार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में लालकुआं पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करते हुए करीब 35 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में तीन बड़ी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया है।
जानकारी के अनुसार 19 मई 2026 को बिन्दुखत्ता निवासी चन्द्रा देवी ने थाना लालकुआं में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे हार, मंगलसूत्र, नथ, अंगूठियां, चेन और अन्य कीमती आभूषण चोरी कर ले गया। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को वर्ष 2025 में हुई दो अन्य बड़ी चोरियों से भी समानता मिली। इसके बाद एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मामले के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी व मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखी। आखिरकार 23 मई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी के जेवर बेचने के लिए एक संदिग्ध बिन्दुखत्ता क्षेत्र में आया हुआ है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भानु प्रताप (21 वर्ष) निवासी बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से भारी मात्रा में सोने के आभूषण बरामद हुए। आरोपी ने कुछ जेवर पंखानुमा हीटर की प्लेट के भीतर छिपाकर रखे थे।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बंद पड़े मकानों की रेकी करता था और मौका मिलते ही ताला तोड़कर नकदी व जेवर चोरी कर फरार हो जाता था। उसने वर्ष 2025 की दो अन्य चोरियों को भी कबूल किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 20 तोला सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद सामान में हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, नथ, झुमके, मांगटीका, चेन समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं।
इस शानदार खुलासे पर एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
