पर्वतीय विकास को मिली नई रफ्तार: चमियाला पार्किंग और डीडीहाट टैक्सी स्टैंड परियोजनाओं में तेजी के निर्देश…
देहरादून–पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद टिहरी गढ़वाल की तहसील बालगंगा अंतर्गत चमियाला बहुद्देश्यीय पार्किंग निर्माण परियोजना तथा जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट टैक्सी स्टैंड निर्माण कार्य की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और लंबित औपचारिकताओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत नगर पंचायत चमियाला में प्रस्तावित बहुद्देश्यीय पार्किंग परियोजना के लिए ₹166.93 लाख की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई थी, जिसमें से ₹100.158 लाख की प्रथम किश्त पूर्व में ही जारी की जा चुकी है।
समीक्षा में बताया गया कि 340 वर्गमीटर भूमि चिन्हित की गई थी, जिसमें पर्यटन विभाग और स्थानीय व्यापार मंडल की भूमि शामिल थी। भूमि स्वामित्व से जुड़ी स्पष्टता के अभाव में निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो पाया था। अब नगर पंचायत चमियाला और व्यापार मंडल के बीच आपसी सहमति बनने के बाद परियोजना को नई गति मिल गई है। व्यापार मंडल ने मीटिंग हॉल और शौचालय निर्माण की शर्त पर भूमि उपलब्ध कराने की सहमति दे दी है, जिससे निर्माण कार्य का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
आवास सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए।
जनपद पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में प्रस्तावित टैक्सी स्टैंड परियोजना की भी गहन समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत स्वीकृत इस परियोजना के लिए ₹389.95 लाख की लागत का अनुमोदन प्रदान किया गया था, जिसमें से ₹155.98 लाख की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि परियोजना को चरणबद्ध रूप से विकसित करने के बजाय आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक समेकित एवं सुरक्षित परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिससे इसकी दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित हो सके। गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ₹612.48 लाख लागत का विस्तृत पुनरीक्षित प्रस्ताव तैयार कर शासन को स्वीकृति हेतु भेजा गया है। परियोजना लागत ₹5 करोड़ से अधिक होने के कारण इसे नियमानुसार तकनीकी समीक्षा प्रकोष्ठ (TAC) को परीक्षण एवं अनुमोदन के लिए अग्रसारित किया गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों के संतुलित और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि चमियाला पार्किंग और डीडीहाट टैक्सी स्टैंड जैसी परियोजनाएं केवल आधारभूत ढांचे तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार सृजन से सीधे जुड़ी विकास योजनाएं हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा तकनीकी, प्रशासनिक एवं भूमि संबंधी बाधाओं को पारदर्शी समन्वय के माध्यम से दूर किया जा रहा है, ताकि मुख्यमंत्री घोषणाओं का लाभ आमजन तक शीघ्र पहुंच सके।
