विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर निर्वाचन विभाग सतर्क, सीईओ ने जिलाधिकारियों को दिए सख्त निर्देश…

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की तैयारियों को लेकर सचिवालय में सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्वाचन कार्यों को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों को तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा बूथ स्तर पर मैपिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फार्म-6, 7 और 8 का प्रतिदिन अनिवार्य रूप से परीक्षण कर उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से पूरा हो सके।
बैठक में उन्होंने प्रत्येक बूथ पर तैयार की गई ASD (ऐबसेंट, शिफ्टेड, डेथ) सूची को राजनीतिक दलों के बीएलए के साथ साझा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी बीएलए को ASD सूची उपलब्ध करा दी जाए, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
सीईओ ने सभी जनपदों में गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग, लॉजिस्टिक व्यवस्था तथा डिस्ट्रीब्यूशन प्लान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी जिलाधिकारी संबंधित नगर निगम आयुक्तों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की कार्ययोजना को और अधिक प्रभावी बनाएं।
बैठक के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी तथा सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।
