उत्तराखंड–नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट का असर: 20 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद, डीएम ने जारी किए आदेश…

नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद नैनीताल में 20 जुलाई 2026 (सोमवार) को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल वंदना सिंह ने जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी विद्यालय 20 जुलाई को बंद रहेंगे। हालांकि विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रबंधक तथा शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहकर आवश्यक प्रशासनिक कार्य संपादित करने होंगे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में लगातार हो रही बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। यदि किसी विद्यालय द्वारा आदेश की अवहेलना की जाती है तो संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से भी मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
